Patna: राघोपुर थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बालक के अपहरण और हत्या का पुलिस ने 3 दिन में खुलासा कर दिया है. फिरौती के लिए अपहरण करने के बाद पैसे न मिलने पर आरोपियों ने मासूम को गंगा नदी में फेंक कर हत्या कर दी थी. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार और 2 विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है. गिरफ्तार आरोपी में मनोज राय रामपुर श्यामचंद का रहने वाला है.

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों विधि विरुद्ध बालक आपस में अच्छे दोस्त हैं और ‘Aviator’ नामक ऑनलाइन गेम में काफी रुपये हार चुके थे. पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने अनिल पंडित के इकलौते बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने की साजिश रची. आरोपियों ने बताया कि फिरौती की राशि नहीं मिलने पर उन्होंने बालक को गंगा नदी में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें. जांच में पता चला कि फिरौती मांगने के लिए जिस व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल किया गया था, वो जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र से गुम हुआ मोबाइल था. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किया है.

क्या है मामला

वैशाली एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 20 जुलाई को राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद निवासी अनिल पंडित ने थाने में आवेदन दिया कि उनका 8 वर्षीय बेटा घर के दरवाजे पर खेलते समय लापता हो गया. इसके बाद अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर पहले 10 लाख और बाद में 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. साथ ही पैसे न देने पर हत्या की धमकी भी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने पीड़ित के घर के पास रहने वाले 2 विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया और मनोज राय को गिरफ्तार किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed