Patna: लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में एक देशी पिस्टल, 70 गोली, 2 मैगजीन, 33 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल बरामद किए गए हैं. मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में रामेश्वर महतो पुत्र सकिन्द्र कुमार और दुर्गी मंडल का नाम शामिल है. आरोपी कवैया थाना क्षेत्र के रहने वाले है.
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ से सूचना मिली कि कवैया थाना क्षेत्र के नया बाजार, मकुना वार्ड नं-29 में एक व्यक्ति अपने घर पर हथियार और गोली की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना पर कवैया थाना और एसटीएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई की. पुलिस टीम ने रामेश्वर महतो और उनके पुत्र सकिन्द्र कुमार के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, गोली बरामद हुए. पूछताछ में उन्होंने हथियार खरीद-बिक्री की बात स्वीकार की और एक अन्य व्यक्ति का नाम भी बताया. आरोपियों की निशानदेही पर संसार पोखर वार्ड नं-17 में दुर्गी मंडल के घर छापेमारी की गई. उसके पास से 33,000 रुपये नकद बरामद हुए. उसने बताया कि ये पैसे उसने रामेश्वर महतो को हथियार और कारतूस बेचने के बदले लिए थे. इसके बाद दुर्गी मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में कवैया थाना (कांड संख्या-280/26) में मामला दर्ज किया गया है.
