Patna: Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित ननामी घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ऐप जारी किया गया. ऐप के माध्यम से यात्रा से संबंधित सभी जानकारियां मिलेंगी. कांवरिया पथ पर निर्मित सेवा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया.
सुल्तानगंज-देवघर कॉरिडोर का विकास
मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का ऐलान किया. उन्होने कहा अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोप-वे का निर्माण होगा. सुल्तानगंज से मुंगेर तक 83 KM लंबा गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव विकसित किया जाएगा. अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट सुल्तानगंज में बनेगा. क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, नए टाउनशिप और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा. अजगैबीनाथ धाम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी. यहां डॉकिंग पॉइंट, गंगा पार्क और रोप-वे परियोजना पर काम शुरू होगा.
अगुवानी-सुल्तानगंज पुल 2027 तक तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा. पुल से पहले ही हाल में पूरा कर लिया जाएगा. सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी बरसात के बाद तेज गति से शुरू होगा. सुल्तानगंज-देवघर नई रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है.
शिक्षा और रोजगार पर फोकस
नाथनगर क्षेत्र में विक्रमशिला टाउनशिप और बरियारपुर-मुंगेर क्षेत्र में अंग टाउनशिप विकसित की जाएंगी. गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित कर रोजगार के अवसर सृजित होंगे. राज्य के 561 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां छात्र-छात्राओं को NEET-JEE की तैयारी के लिए सुविधाएं मिलेंगी.
“बोल बम” की गूंज से आस्था का संदेश
मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेले को दुनिया की सबसे बड़ी आस्था का केंद्र बताया. उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालु एक वेश, एक संकल्प और “बोल बम” के उद्घोष के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक पदयात्रा करते हैं, जो सामाजिक समरसता और आस्था का अद्भुत उदाहरण है. कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की पुस्तिका का लोकार्पण भी किया गया. इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पर्यटन मंत्री सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
