Ranchi: जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला सूचीबद्धता समिति की अहम बैठक संपन्न हुई. आयुष्मान भारत योजना (AB-PMJAY) के तहत नए अस्पतालों को एम्पैनल (सूचीबद्ध) करने के लिए आयोजित इस बैठक में आवेदनों और जांच दल की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट की गहन समीक्षा की गई.
जांच दल की सकारात्मक भौतिक सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर 02 नए अस्पतालों को योजना में शामिल करने की मंजूरी दी गई. 03 अस्पतालों के कागजातों में त्रुटियां और कमियां पाई गईं। समिति ने निर्देश दिया कि आवश्यक दस्तावेज पूरे करने और कमियां दूर करने के बाद इन्हें अगली बैठक में पुनः पेश किया जाए. निर्धारित मानकों और पात्रता पर खरे न उतरने के कारण 02 अस्पतालों के आवेदनों को सीधे रद्द कर दिया गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत और प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए एम्पैनलमेंट की प्रक्रिया में नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा.
