Patna: इस्कॉन मंदिर और कार्यालय बनाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी, चेक बाउंस और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़ा गया आरोपी सरैया थाना क्षेत्र का निवासी अभिषेक भगत है.

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 2 सितंबर को वादी रंजय शर्मा ने तुर्की थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन में आरोप लगाया गया था कि आरोपी अभिषेक भगत ने मुजफ्फरपुर में इस्कॉन मंदिर/कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की. इसके साथ ही आरोपी द्वारा दिया गया चेक भी बाउंस हो गया और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत के आधार पर तुर्की थाना (कांड संख्या 280/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (पश्चिमी-2) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई. गठित टीम ने गुप्त आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक भगत को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक भगत का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उस पर पहले से भी सदर और सरैया थाने में जालसाजी, धोखाधड़ी और धमकी देने की संगीन धाराओं के तहत मामले (कांड सं. 420/26, 711/26 एवं 507/25) दर्ज हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *