Ranchi: रांची जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री मंगलवार को बेड़ो प्रखंड का औचक दौरा कर प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय, बेड़ो थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो एवं विभिन्न गांवों की निरीक्षण की. दौरे के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कार्यालय में सभी कर्मियों की उपस्थिति पंजी एवं प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आए आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनते हुए उसके समाधान करने के लिए अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया. इसके बाद उपायुक्त ने बेड़ो थाना का निरीक्षण किया. उन्होंने सम्बंधित पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिए कि थाना में आ रही फरियादियों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उस मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करें एवं सड़क मार्ग की स्थिति तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए खास करके विधि- व्यवस्था से सम्बंधित मामलों में तत्परता दिखाने का निर्देश दिया. साथ आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनने के निर्देश भी दिए गए.

इसके उपरांत उपायुक्त ने बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिए कि हीटवेव एवं लू से प्रभावित मरीजों के लिए ओ.आर.एस., आवश्यक दवाइयां, पेयजल तथा बेड की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए. स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा इमरजेंसी सेवाओं को 24×7 सक्रिय रखने के सख्त निर्देश दिए गए.

उपायुक्त ने बेड़ो प्रखंड के विभिन्न गांवों, पंडरा,  हरियरपुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरहंजी बेड़ो का भी भ्रमण किया. गांवों में जल स्रोतों (चापाकल, हैंडपंप, तालाब आदि) की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया. जहां जल स्रोतों में समस्या पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए. ग्रामीणों से सीधा संवाद कर पेयजल, बिजली आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित शिकायतें सुनी गईं.

उपायुक्त के मुख्य निर्देश

– प्रत्येक गांव में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

– बिजली विभाग के साथ समन्वय कर ट्रांसफॉर्मर खराबी एवं बिजली कटौती की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए.

– स्वास्थ्य केंद्रों में लू से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा जरूरी दवाइयों का स्टॉक बना रखा जाए.

– प्रखंड एवं ग्रामीण स्तर के अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने के निर्देश.

– जनता से सीधा संवाद बनाए रखते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए.

– S.I.R. को लेकर घरों में लगाए स्टिकर का निरीक्षण करते हुए हर घर में इसे लगाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

उपायुक्त ने बेड़ो प्रखण्ड के विभिन्न गांवों की महिलाओं से एक-एक कर भेंट की और मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत उन्हें दी जा रही मासिक राशि की स्थिति जानी. महिलाओं ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें योजना के तहत नियमित रूप से राशि प्राप्त हो रही है. कई महिलाओं ने बताया कि इस राशि को वे अपने स्वरोजगार एवं छोटे-छोटे व्यवसायों में लगा रही हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन रही हैं. एक महिला ने कहा, “इस योजना से हमें बहुत सहायता मिल रही है. अब हम घर बैठे कुछ न कुछ काम करके परिवार की आय बढ़ा पा रहे हैं.”  उपायुक्त ने महिलाओं की प्रतिक्रियाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने आश्वासन दिया कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक बिना किसी बाधा के पहुंचे, इसके लिए प्रशासन निरंतर निगरानी रख रहा है.

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि भीषण गर्मी में कोई भी नागरिक पानी, बिजली या स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में परेशान न हो. बेड़ो प्रखंड में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.

इस दौरान जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची, श्रीमती उर्वशी पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी बेड़ो अंचल अधिकारी बेड़ो एवं सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed