Ranchi: राजधानी रांची में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ी चोट की है. एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर करम चौक, रोड नंबर-06 से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में मां-बेटे भी शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपी अनिकेत अग्रवाल, कुसुम चौबे और उसका पुत्र अंकुश चौबे का नाम शामिल है. तीनों के पास से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 स्मार्टफोन, 7320 रुपये नगद, एक हैंड पर्स, Sanjeevani नोटबुक और दो कलम जब्त किए गए हैं. पूछताछ में तीनों ने ब्राउन शुगर बेचने की बात स्वीकार की. इस मामले में सुखदेवनगर थाना (कांड सं0-196/26) में मामला दर्ज किया गया गया है. अंकुश चौबे का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. अंकुश चौबे पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत सुखदेवनगर थाना से जेल जा चुका है.
पहले अनिकेत धराया, फिर मां-बेटे
मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी को सूचना मिली कि विद्यानगर करम चौक में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री हो रही है. सूचना पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीम गठित कर तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया गया. टीम ने विद्यानगर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देख भाग रहे अनिकेत अग्रवाल को दबोच लिया. उसके पास से कागज की 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. अनिकेत की निशानदेही पर पुलिस ने अंकुश चौबे और उसकी मां कुसुम चौबे को घर से गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान कुसुम चौबे के पास से 49 पुड़िया, अंकुश चौबे के पास से 45 पुड़िया और घर की अलमारी में रखे ब्राउन क्रिम रंग के पर्स से 45 पुड़िया बरामद किया गया.
