Patna: कटिहार जिले के बारसोई थाना क्षेत्र में 31 मई को हुए युवक की हत्या का कटिहार पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. हत्या में शामिल दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी में बारसोई थाना क्षेत्र के पटोलबाड़ी के रहने वाले सफीकुल इस्लाम और सरीफ का नाम शामिल है. कटिहार एसपी के निर्देश पर बारसोई एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
क्या था पूरा मामला
31 मई को शाम करीब 5 बजे पटोलबाड़ी निवासी मो० सफीक का पुत्र गांव के ही सफीकुल इस्लाम के साथ साइकिल से यह कहकर निकला था कि एक घंटे में लौट आएगा. देर तक नहीं लौटने पर पिता मो० नईम के साथ खोजने निकले. मध्य विद्यालय बेलवा डांगी के पास पटोलबाड़ी-बेलवा डांगी पक्की सड़क पर देखा कि गांव का ही सरीफ उनके पुत्र को पीछे से पकड़े हुए था और सफीकुल इस्लाम ने पेट में चाकू घोंप दिया. वारदात के बाद दोनों खेत की ओर भाग गए. मौके पर ही युवक की मौत हो गई. इस संबंध में बारसोई थाना (कांड सं०-87/26) में मामला दर्ज किया गया.
