Ranchi: रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिला प्रशासन ने अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. कांटाटोली चौक के निकट Galaxy Complex के प्रथम तल पर स्थित City Ultrasound नामक केंद्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया गया है. प्रशासन को सूचना मिली थी कि केंद्र के संचालक डॉ. राजेश कुमार द्वारा बिना उचित पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाया जा रहा है. इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर टीम गठित की गई.
छापेमारी टीम ने मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन (Make – GE, Model – Logiq C5, Serial No. 244769WX6), कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, ANC रजिस्टर, बिल बुक तथा अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर ली. केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया.छापेमारी टीम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने की. टीम में उपायुक्त द्वारा नामित मजिस्ट्रेट, लोअर बाजार थाना प्रभारी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल, चिकित्सा पदाधिकारी, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनओ/एचओ/एमओ तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल थे.
रांची के सिविल सर्जन ने बताया कि PC & PNDT Act की अनुमति के बिना किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन पूर्णतः अवैध है. ऐसे केंद्रों के विरुद्ध जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि “भ्रूण हत्या एवं लिंग अनुपात असंतुलन को बढ़ावा देने वाले किसी भी तत्व के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को ऐसे अवैध केंद्रों की नियमित निगरानी एवं छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए हैं.
