Patna: मीनापुर थाना पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक आरोपी को हथियार के साथ दोबारा गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर फायरिंग का भी आरोप है. गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार मीनापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 अगस्त की संध्या में सूचना पर मीनापुर थाना की टीम ने ग्राम गंजबाजार फरीदपुर पट्टी रोड से मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया था. उसके पास से 1 देशी पिस्टल, 1 गोली, 1 खोखा, 1 मोबाइल और बाईक बरामद हुई थी. पूछताछ में पता चला कि उसने सूचक पर फायरिंग भी की थी. इस संबंध में मीनापुर थाना (कांड संख्या 347/26) में मामला दर्ज की गई थी. 2 अगस्त को गिरफ्तार आरोपी शौच करने के बहाने हथकड़ी सरकाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. इस मामले में अलग से मीनापुर थाना (कांड संख्या 351/26) दर्ज किया गया. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पूर्वी-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम कार्रवाई करते हुए पुनः आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
