Ranchi: जनसुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग प्रणाली शुरू कर दी है. एसएसपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. नई व्यवस्था के तहत पूरे जिले को 206 बीट में बांटा गया है. इसमें शहरी क्षेत्र में 102 बीट और ग्रामीण क्षेत्र में 104 बीट शामिल हैं. हर बीट के लिए एक बीट पदाधिकारी नामित किया गया है जो नियमित गश्त, अपराध संबंधी सूचना संकलन, नागरिकों से संवाद और अपराध निवारण की जिम्मेदारी निभाएंगे.
कैसे काम करेगी नई प्रणाली
QR कोड लगाए गए: प्रत्येक बीट में चिन्हित स्थानों, बाजार, परिवहन केंद्र, संवेदनशील क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों पर विशिष्ट QR कोड स्थापित किए गए हैं. स्थानों का चयन पिछले 5 वर्षों के अपराध आंकड़ों के वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर किया गया है.
डिजिटल हाजिरी: टैंगो वाहन, PCR और थाना गश्ती वाहन हर ड्यूटी शिफ्ट में इन QR कोडों को कम से कम 2 बार स्कैन करेंगे. इससे पुलिस की नियमित उपस्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड बनेगा.
समयबद्ध गश्त: बीट पदाधिकारी प्रतिदिन पैदल या मोटरसाइकिल से गश्त करेंगे. खासकर सायं 5:00 से 8:00 बजे के बीच क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे.
उद्देश्य: पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार इस प्रणाली से अपराध संभावित क्षेत्रों की बेहतर निगरानी, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और बीट पदाधिकारियों व गश्ती दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा. QR कोड स्कैनिंग से गश्त का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी. एसेसपी ने कहा कि यह प्रयास आधुनिक तकनीक और पारंपरिक बीट पुलिसिंग का समन्वय है. इसके माध्यम से हर मोहल्ले और गांव में नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित होगी, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस-जन सहयोग को मजबूती मिलेगी.
