Ranchi: रांची में साप्ताहिक बाजार से बाईक चोरी कर कोयलरी क्षेत्र में खपाने वाले गिरोह का खुलासा पुलिस ने किया है. करीब एक साल से इस वारदात को अंजाम दे रहा था. गिरफ्तार अपराधी में नरकोपी थाना क्षेत्र के तुतलो निवासी भरत बैठा, खलारी थाना क्षेत्र के ककराहीगढ़ा निवासी रोहित कुमार उरांव, मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी पिन्टु गंझू उर्फ आईलेक्स, बुढ़मू थाना क्षेत्र के मुन्ना नावाटोली निवासी महेश्वर गंझू उर्फ जितिया और लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के कौआखाप निवासी शाजिद अंसारी का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 15 बाईक पुलिस ने बरामद किया है.

मामले की जानकारी देते  हुए सिटी एसपी ने बताया कि जगरनाथपुर थाना एवं धुर्वा थाना क्षेत्र में शहीद मैदान सब्जी बाजार एवं शालीमार बाजार में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में लगातार हो रहे बाईक चोरी की घटनाओं को रोकने के लिये एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक टीम गठित किया गया. गठित टीम सीसीटीवी फुटेज एवं गुप्तचर से प्राप्त सूचना के आधार पर मौसीबाड़ी गोलचक्कर के पास से एंटी क्राईम चेकिंग के दौरान बाईक सवार संदिग्ध भरत बैठा को पकड़ा गया. इसके बाईक के नम्बर प्लेट पर टेप साटा हुआ था. पुछताछ करने पर बताया कि यह बाईक 19 अक्टूबर को शहीद मैदान सब्जी बाजार से चोरी किये है. साथ ही बताया कि विगत एक वर्ष में इनके एवं इनके सहयोगी शाजिद अंसारी के द्वारा बेड़ों, नगडी, शालीमार, शहीद मैदान में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से 100 से अधिक बाईक की चोरी की गयी है, जिसे मैक्लुस्कीगंज, खलारी, पिपरवाड़, बालूमाथ जैसे कोयलरी क्षेत्र में जाकर बेचा गया है. भरत बैठा के निशानदेही पर शाजिद अंसारी एवं 3 अन्य चोरी की बाईक खरीदने वालो को पकड़ा गया. इनके पास से 12 अन्य चोरी की बाईक बरामद किया गया. अन्य चोरी की बाईक खरीदने वालो के बारे में भी जानकारी मिली है. जिनके विरूद्ध छापामारी की जा रही है. आरोपी के द्वारा चोरी का एक बुलेट एवं एक बाईक को पूर्व में एकता नगर से लावारिस हालत में बरामद किया जा चुका है. भरत बैठा व शाजिद अंसारी का अपराधिक इतिहास रहा है. रांची, लातेहार और लोहरदगा के थाना में 13 मामला दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed