Ranchi: हजारीबाग जिले की टाटीझरिया थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 कार्टन (30 बंडल) अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए हैं. इस दौरान पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए टिकटों की कुल संख्या लगभग 90 हजार बताई जा रही है. गिरफ्तार चालक विकाश कुमार प्रजापति हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार का रहने वाला है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि हजारीबाग से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की तरफ एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट ले जाया जा रहा है. कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 17 माइल के पास घेराबंदी की. इस दौरान हजारीबाग की ओर से आ रही सफेद रंग की पिकअप वाहन (JH02BW3718) के चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी सड़क पर खड़ी कर भागने का प्रयास किया, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया. वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाला में प्लास्टिक के बोरे से सील किए हुए 30 बंडल मिले. इन बंडलों के अंदर से कुल 60 कार्टन बरामद किए गए, जिनमें 21 अलग-अलग नामों के कुल 90,000 अवैध लॉटरी टिकट (पेयर) छपे हुए थे. गिरफ्तार आरोपी विकाश कुमार प्रजापति पूछताछ में बताया कि वह इस अवैध लॉटरी टिकट को हजारीबाग से धनबाद ले जा रहा था. मामले को लेकर टाटीझरिया थाना (कांड संख्या 48/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed