Patna: बिहार शिक्षा सेवा (2005 बैच) के अधिकारी और वर्तमान में बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) में कार्यरत अजय कुमार सिंह पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का बड़ा शिकंजा कसा है. EOU की जांच में अजय कुमार सिंह के पास उनकी ज्ञात आय से 90.04% अधिक यानी कुल 3,43,78,300 रुपये (3.43 करोड़ से ज्यादा) की अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला उजागर हुआ है. EOU की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार  को अधिकारी के 3 मुख्य ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की. पटना में राजीवनगर थाना क्षेत्र में खाजपुरा आकाशवाणी रोड स्थित चन्दतारा भवन के आवासीय परिसर, मीठापुर स्थित बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) कार्यालय, बेगुसराय जिले क साहेबपुर कमान थाना क्षेत्र के परोरा स्थित पैतृक आवास में छापेमारी की गई.  पटना स्थित आवास से 10,38,000 रुपये नगद, 41,81,977- मूल्य के गहने, यूपी के नोएडा सेक्टर 142 में 1442 वर्ग फीट के फ्लैट बुकिंग दस्तावेज (जिसमें ₹60 लाख से अधिक का भुगतान हो चुका है), 8 बैंक खातों में लगभग 18.50 लाख जमा, LIC व अन्य बीमा कंपनियों की 06 पॉलिसियां तथा म्यूचुअल फंड में निवेश के कागजात, अलंकार ज्वैलर्स से 10 लाख के जेवर खरीदारी के दस्तावेज, महिंद्रा स्कार्पियो, स्कूटी आदि वाहन, पटना स्थित G+2 (तीन मंजिला) भव्य मकान, जिसके इंटीरियर व साज-सज्जा पर भारी रकम खर्च की गई है. बेगूसराय स्थित पैतृक आवास से 15,50,000, 9,50,000 के जेवरात एवं 5.50 लाख के जेवर खरीद की रसीदें, पिता के नाम पर जमीन के 11 केवाला/डीड, 2 JCB, 2 ट्रैक्टर, 1 बोलेरो, 1 बड़ा DG (जनरेटर) सेट मिले है.

विभाग को भेजी जा रही रिपोर्ट, बढ़ेगी और संपत्ति

EOU की एफआईआर (कांड संख्या-19/26) के तहत यह कार्रवाई की गई है. अधिकारियों के अनुसार, जब्त दस्तावेजों के अवलोकन और पटना वाले तीन मंजिला मकान के मूल्यांकन के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की पूरी संभावना है. अजय कुमार सिंह ने वर्ष 2005 में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी. लोक सेवक के रूप में कर्तव्य से विचलन और भ्रष्टाचार के इस मामले की पूरी रिपोर्ट EOU द्वारा उनके पैतृक विभाग (शिक्षा विभाग, बिहार, पटना) को भेजी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed