Patna: अवैध संबंध को छिपाने और एक व्यक्ति को फंसाने के लिए महिला और उसके प्रेमी ने 3 वर्षीय मासूम की गला घोंटकर हत्या कर दी. शव को बोरे में बंद कर जमुनी नदी किनारे झाड़ी में फेंक दिया. भागलपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी सुभाष मंडल लालूचक का रहने वाला है.
क्या था पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 जुलाई को नाथनगर थाना में पंकज कुमार मंडल ने आवेदन दिया कि उनके 3 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार की हत्या कर शव झाड़ी में फेंक दिया गया है. इस पर नाथनगर थाना (कांड संख्या 225/26) में मामला दर्ज किया गया. भागलपुर एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने जांच में पाया कि इस हत्या के पीछे सुभाष मंडल और सुलेखा देवी का हाथ है. दोनों लालूचक, नाथनगर के रहने वाले हैं. पूछताछ में सुभाष ने बताया कि उसका सुलेखा देवी से पिछले 2 साल से अवैध संबंध था. 13 जुलाई को सुलेखा के 3 वर्षीय बेटे की किसी ने हत्या कर दी थी. इसके बाद पांचू मंडल ने अपनी पत्नी सुलेखा देवी से कहा कि वह हत्या के मामले में सुभाष को फंसाएगा.
प्लान बनाकर की हत्या
इसी से बचने के लिए दोनों ने साजिश रची. पांचू मंडल और पड़ोसी पंकज मंडल के बीच पहले से विवाद था. इसलिए सुभाष और सुलेखा ने पंकज मंडल के बेटे दिव्यांशु की हत्या कर इल्जाम पांचू पर लगाने का प्लान बनाया. योजना के तहत दोनों ने दिव्यांशु का दम घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में रखकर जमुनी नदी किनारे झाड़ी में फेंक दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को अमडंडा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया. इससे पहले सुलेखा देवी और मुकेश मंडल उर्फ मुलों मंडल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
