Patna: गया एसएसपी के निर्देश पर अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में कोच थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तीन देशी पिस्टल, छः मैगजीन, 19 गोली और एक कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा टिकारी थाना क्षेत्र के टेप्पा का रहने वाला है.
कोच थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिंदुआरी में मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा अपने रिश्तेदार के यहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए अवैध हथियार के साथ पहुंचा हुआ है. सूचना पर टिकारी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सिंदुआरी स्थित व्यक्ति के घर घेराबंदी कर छापामारी की. पुलिस बल को देख आरोपी छत के रास्ते भागने का प्रयास किया जिसे घेरकर पकड़ा गया. गिरफ्तार मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा की तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल जिसमें 6 गोली और किचेन में टिन के डिब्बे से एक लोडेड देशी पिस्टल जिसमें 6 गोली बरामद हुआ.
सहयोगी के घर से भी पिस्टल मिली
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सहयोगी को रखने के लिए हथियार दिए हैं और अपनी कार में मैगजीन-गोली रखे हैं. निशानदेही पर सहयोगी के घर छापामारी में बरामदे में लगे बिछावन में छुपा एक लोडेड पिस्टल जिसमें पांच गोली बरामद हुआ. सहयोगी पुलिस को देख छत से भाग गया. आऱोपी की कार की तलाशी में एक काले बैग से 2 खाली मैगजीन एवं 1 मैगजीन में 2 मिस फायर गोली बरामद किया गया. इस संबंध में कोच थाना (कांड सं0-115/26) में मामला दर्ज किया गया है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि पता लगाया जा सके कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं.
