Patna: बिहार को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा कदम उठाया है. मंगलवार को ‘संकल्प सभागार’ में उद्योग विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में 11 मेगा पार्क और सभी 38 जिलों में फूड पार्क बनाने का निर्देश दिया. साथ ही औद्योगिक विकास के लिए 50 हजार एकड़ का लैंड बैंक तैयार करने को कहा. बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “औद्योगिक विकास से ही बिहार समृद्धि के रास्ते पर बढ़ेगा. हमारा लक्ष्य है कि उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में बिहार नई ऊंचाइयों को छुए. राज्य में संसाधन की कमी नहीं है. निवेशकों को अनुकूल वातावरण देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. “उन्होंने उद्योगपतियों, उद्यमियों से विचार-विमर्श कर सुझावों पर अमल करने और समस्याओं का तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया.
CM के 8 बड़े निर्देश
मेगा-फूड पार्क: राज्य में 11 मेगा पार्क और हर जिले में एक फूड पार्क बनेगा.
लैंड बैंक: उद्योगों के लिए 50 हजार एकड़ जमीन का बैंक तैयार होगा. जिलाधिकारी को उचित मूल्य पर जमीन अधिग्रहण के निर्देश.
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस: बिहार को अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रक्रियाएं सरल-पारदर्शी होंगी. सभी अनुमतियां समयबद्ध मिलेंगी.
टेक्सटाइल सेंटर: बिहार में टेक्सटाइल इंडस्ट्रियल सेंटर की स्थापना पर तेजी से काम होगा.
MSME पर फोकस: फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मा और MSME सेक्टर में अपार संभावनाएं, इन पर विशेष ध्यान.
स्टार्टअप बूस्ट: स्टार्टअप इको सिस्टम मजबूत कर युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जाएंगे.
ग्रामीण उद्यमिता: ग्राम स्तर पर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा.
समय पर इंसेंटिव: नई औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन राशि समय पर मिले, उद्योगों की समस्या का त्वरित समाधान हो.
