Patna: कटिहार पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण की मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए गए हैं. वही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी मो. रजाउल अंसारी बरारी थाना क्षेत्र के कजरा का रहने वाला है. मौके पर से 1 बड़ा दोनाली बंदूक, 4 देशी कट्टा, 1 अर्द्धनिर्मित कट्टा, 3 देशी कट्टा के बैरल, 3 अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, 1 देशी कट्टा का बॉडी, 1 लोहे का फरमा, 3 देशी कट्टा के ट्रिगर, 2 खोखा, 1 मोटर लेथ मशीन औऱ 1 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार देर रात बरारी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बलुआ से कलिकापुर जाने वाली सड़क पर, सुजापुर चौक से कुछ दूरी पर बांसभिट्टी के पास टीन से बने मकान में अवैध गन फैक्ट्री चल रही है. सूचना पर बरारी थाना पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त टीम छापेमारी कर मिनीगन फैक्ट्री का खुलासा किया. वही संचालक मो. रजाउल अंसारी को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में बरारी थाना (कांड संख्या-212/26) में मामला दर्ज किया गया है.
