Patna: बेगुसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पूर्व की दुश्मनी को लेकर एक युवक का अपहरण कर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खगड़िया जिले के पीनगरा गांव स्थित जलकुंभी से अपहृत का शव बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में मोहित कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के निशानदेही पर खगड़िया के पीनगरा स्थित जलकुंभी से अपहृत का शव बरामद किया गया. वही घटना में प्रयुक्त बाईक भी पुलिस ने बरामद किया है. सदर-01 एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम अन्य फरार आरोपियों रोहित कुमार, मुसो यादव, बुलकु यादव एवं रौशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी कर रही है.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल निवासी रामउदय यादव ने थाने में आवेदन देकर बताया कि 26 मई को उनके पुत्र विकास कुमार का अपहरण उसी गांव के विकास कुमार, रोहित कुमार, मुसो यादव, बुलकु यादव, मोहित कुमार एवं रौशन कुमार ने पूर्व दुश्मनी को लेकर कर लिया है. आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
ऐसे खुला राज, हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मोहित कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया. पूछताछ के दौरान मोहित कुमार ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि अपहृत विकास कुमार को पकड़कर आरोपी विकास कुमार को सौंप दिया था. पुलिस ने मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।इसके बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को भी गिरफ्तार किया. कड़ाई से पूछताछ में विकास कुमार ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि पूर्व दुश्मनी को लेकर अपहृत विकास कुमार की हत्या कर शव को खगड़िया जिला के बेलदौर थाना क्षेत्र के पीनगरा गांव के पास जलकुंभी में फेंक दिया है.
जलकुंभी से बरामद हुआ शव
आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर मुफस्सिल थाना पुलिस टीम खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के ग्राम पीनगरा पहुंची. वहां जलकुंभी से अपहृत विकास कुमार का शव बरामद किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
