Patna: बिहार एसटीएफ एवं भागलपुर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है. कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने दो कुख्यात हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, 100 कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीबपुर थाना क्षेत्र निवासी सुबोध मंडल और अमित कुमार तिवारी उर्फ लहू तिवारी के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, 100 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस इनके नेटवर्क, हथियार सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. एसटीएफ और जिला पुलिस की इस कार्रवाई से हथियार तस्करों में हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला
बिहार एसटीएफ को गुप्त आसूचना मिली थी कि हथियार तस्कर सुबोध मंडल अपने सहयोगी अपराधियों के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हथियार एवं गोली एकत्रित कर रहा है. साथ ही पुलिस को सूचना मिली कि उल्टा पुल के नीचे कुछ अपराधी हथियारों की खरीद-बिक्री कर किसी वारदात की साजिश रच रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिहार एसटीएफ और भागलपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी की. घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से दो हथियार तस्करों को धर दबोचा. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुबोध मंडल का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है. इसके विरुद्ध हबीबपुर थाना में आर्म्स एक्ट से संबंधित एक मामला पहले से दर्ज है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.
