Ranchi: हटिया रेलवे स्टेशन में हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से डीजल चोरी में शामिल रेलवे कर्मचारी के साथ कंपनी का साइट इंजीनियर को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है. दो दिन पूर्व डीजल चोरी के आरोप में पकड़े गए अजय कुमार साहू के निशानदेही पर दोनो को गिरफ्तार किया गया है. अजय कुमार साहू को आरपीएफ ने रिमांड पर लेकर पूछताछ किया था. गिरफ्तार आरोपी में रेलवे कर्मचारी शिव शंकर कुमार और बाबा उद्योग कंपनी के साइट इंजीनियर सम्पी कुमार का नाम शामिल है.
बीते रविवार को अजय कुमार साहू को पुलिस रिमांड पर लिया गया. रिमांड के दौरान आरोपी के निशानदेही पर आरपीएफ हटिया रेलवे यार्ड स्थित वाशिंग लाइन संख्या-05 पर जांच किया. जहां एक रेलवे कर्मचारी शिव शंकर कुमार (Assistant/RCD/HTE) की पहचान की गई. पूछताछ में यह पाया गया कि अजय कुमार साहू ने 26 मार्च को अवैध रूप से 55 लीटर रेलवे डीजल खरीदने के लिए 5000 रुपया फोनपे के माध्यम से भुगतान किया था. पूछताछ के दौरान रेलवे कर्मचारी शियो शंकर कुमार ने भी अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने उक्त राशि प्राप्त कर अवैध रूप से डीजल की बिक्री की. उसके निशानदेही पर डीजल निकासी स्थल (हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व, वाशिंग लाइन नं.-05) की पहचान की गई. मामले में एक अन्य आरोपी सम्पी कुमार की संलिप्तता भी सामने आई. इसके बाद सम्पी कुमार को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह “बाबा उद्योग कंपनी” में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत है तथा इस अवैध लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था. उसने 100 फोनपे एवं 600 नकद प्राप्त करने की बात स्वीकार की.
