Patna: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में 6 हजार करोड़ रुपये की बड़े एकीकृत इस्पात परियोजना के लिए उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच MOU पर हस्ताक्षर हुए. यह Large Integrated Steel Project गया जी जिले में स्थापित किया जाएगा. परियोजना की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. महाशक्ति ग्रुप की ओर से अनमोल लोढ़ा, विष्णु नाथ सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
बिहार को मिलेगा औद्योगिक पहचान
MOU के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है. निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां और त्वरित प्रशासनिक सहयोग दिया जा रहा है. इसी का परिणाम है कि राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इस्पात परियोजना से स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इसके साथ ही सहायक एवं लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि BIADA, उद्योग विभाग और निवेशक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी होगी और बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने में मदद मिलेगी.
