Patna: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने 1212.960 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए 5 आरोपी को गिरफ्तार किया. साथ ही चोरी की एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया. गिरफ्तार आरोपी में मोतिहारी जिले क कोटवा थाना क्षेत्र के राज किशोर कुमार, शेख आसिक, सरफुद्दीन आलम, लड्डू यादव और मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मद नबी का नाम शामिल है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्कॉर्पियो वाले लोग पिकअप के आगे-आगे चलकर पुलिस की सूचना देते थे ताकि शराब की खेप सुरक्षित पहुंच जाए. शराब बेचने के बाद मुनाफा सभी आपस में बराबर बांट लेते थे. पूछताछ में यह भी पता चला कि दोनों वाहन चोरी के हैं. वास्तविक स्वामियों का सत्यापन किया जा रहा है.
कैसे पकड़े गए तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचदेवरी पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि यूपी की ओर से एक पिकअप वाहन में मुर्गों के बीच अवैध शराब छिपाकर लाई जा रही है. साथ ही सूचना मिली कि पिकअप के आगे-आगे एक स्कॉर्पियो चल रही है, जिसमें 4 लोग सवार हैं और वे लाइनर बनकर पुलिस की गतिविधियों की सूचना दे रहे हैं. सूचना पर थानाध्यक्ष कटेया के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्राम-तेतरिया पुल के समीप सघन जांच शुरू की. जांच के दौरान तेज गति से आ रही सफेद स्कॉर्पियो को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया. पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो में सवार 3 लोगों को गिरफ्तार किया. इसी दौरान पीछे आ रहे मुर्गों से लदे पिकअप को भी रोका गया और उसमें सवार 2 लोगों को पकड़ा गया. तलाशी में स्कॉर्पियो से कुछ नहीं मिला, लेकिन पिकअप में मुर्गों के बीच छिपाकर रखी कुल 1,212.960 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब के साथ स्कॉर्पियो और पिकअप दोनों को जप्त कर लिया गया.
