Patna: जिला परिवहन कार्यालय बेगूसराय में वाहन ट्रांसफर के नाम पर घूसखोरी का खेल चल रहा था. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 6,000 रुपये रिश्वत लेते लिपिक संजय कुमार और दलाल शिवानंद झा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. लिपिक को DTO कार्यालय कक्ष से जबकि दलाल को व्यवहार न्यायालय के दक्षिणी गेट के सामने सड़क से पकड़ा गया.
सत्यम कुमार ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि लिपिक संजय कुमार वाहन का हस्तांतरण कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा है. ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया तो रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. पुष्टि के बाद निगरानी थाना में कांड संख्या-063/26 दर्ज किया गया. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में धावादल गठित कर जाल बिछाया गया. कार्रवाई करते हुए दलाल शिवानंद झा को 6,000 रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया. इसके बाद लिपिक संजय कुमार को भी DTO कार्यालय से दबोच लिया गया.
