Patna: बिहार के पारंपरिक मखाना उद्योग को अब कॉरपोरेट चमक मिलने जा रही है. Makhayo Foods Pvt. Ltd. द्वारा दरभंगा के डोनार औद्योगिक क्षेत्र में 27.44 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मखाना प्रोसेसिंग एवं निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति ने इसकी मंजूरी दे दी है. 2.20 एकड़ में बनने वाली इस फैक्ट्री से 300 प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे.
BIADA की बैठक में मिली मंजूरी
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा के MD कुंदन कुमार की अध्यक्षता में PCC की बैठक में पात्र आवेदकों को जमीन और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन को मंजूरी दी गई. इसी में Makhayo Foods को IA डोनार, दरभंगा में यूनिट लगाने की स्वीकृति मिली.
किसानों से ग्लोबल मार्केट तक चेन होगी मजबूत
इस आधुनिक यूनिट से मखाना की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय युवाओं और ग्रामीण समुदायों को आर्थिक लाभ होगा. यह प्रोजेक्ट ‘मिथिला मखाना’ को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन क्षमता और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच दिलाएगा. साथ ही किसानों, उद्यमियों और लोकल सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी.
‘GI टैग के बाद अब औद्योगिक पहचान’: श्रेयसी सिंह
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि ‘मिथिला मखाना’ को 2022 में GI टैग मिलना गर्व की बात है. अब प्रोसेसिंग यूनिट लगने से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी. इससे रोजगार-स्वरोजगार बढ़ेगा और किसानों को बेहतर बाजार व कीमत मिलेगी. सरकार पारंपरिक कृषि आधारित उद्योगों को आधुनिक ढांचे से जोड़ रही है.
निवेशकों को अनुकूल माहौल: कुंदन कुमार
बियाडा MD कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों को बेहतर अवसंरचना, सुगम प्रक्रियाएं और नीतिगत सहयोग दे रही है. खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर परियोजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है.
