Ranchi: मैरिज हॉल में आर्म्स फैक्ट्री के साथ जहरीली शराब बनाने वाले सरगना समेत दो अपराधी को बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में गांधीनगर थाना क्षेत्र जरीडीह ऊपर बाजार के रहने वाले सरगना सूरज कुमार साव और बीटीपीएस थाना क्षेत्र के लहरियाटांड निवासी सुरज प्रजापति का नाम शामिल है.
शनिवार को बोकारो एसपी ने बताया कि सरगना समेत अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बेरमों एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया था. छापामारी दल गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य सरगना सुरज कुमार साव एवं उसके सहयोगी सुरज प्रजापति को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपी ने अपना अपराध स्वीकारते हुए अपने अन्य सहयोगियों के बारे में भी बताया है. जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. सूरज कुमार साव के विरुद्ध बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना, गिरीडीह जिले के सरिया थाना में और सुरज प्रजापति के विरुद्ध मुंगेर जिले नया रामनगर थाना में मामला दर्ज है.

एटीएस के साथ बोकारो पुलिस की कार्रवाई में हुआ था खुलासा

कबाड़ कारोबारी के मैरिज हॉल में चल रहे आर्म्स फैक्ट्री का 19-20 जून की रात बंगाल, झारखंड एसटीएफ के साथ बोकारो पुलिस ने उद्भेदन किया था. साथ ही जहरीली शराब बनाने का भी खुलासा किया था. गाँधीनगर ओपी के जरीडीह उपर बाजार, कलाली रोड स्थित सुरज कुमार साव के कावेरी मैरेज हॉल के सामने बने गोदाम में संचालित मिनी गन फैक्ट्री से पिस्टल बनाने में संलिप्त प्रवीण कुमार व केशव कुमार को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में बेरमो (गाँधीनगर) थाना (काण्ड सं0-79/25) मामला दर्ज किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *