Ranchi: खूंटी पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोरी करने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके 8 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 19 बाईक, 01 महिंद्रा बोलेरो पिक-अप वैन, 08 मोबाइल फोन और ताले खोलने में इस्तेमाल होने वाली 02 मास्टर की (चाबी) बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में खूंटी जिले क अड़की थाना क्षेत्र के बदानी निवासी गुरुदयाल मुण्डा उर्फ पनसाउ मुण्डा, रेडडा निवासी मसीह मुण्डा, जयराम मुण्डा उर्फ जावरा, सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के चिरुबेड़ा निवासी इसरायल पूर्ति, मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो, तारम्बा निवासी मोहन लोहार, डोडोरदा के रहने वाले एतवा मुण्डा और समराय होरो का नाम शामिल है.
खूंटी एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सायको थाना क्षेत्र में अंतरजिला बाईक चोर गिरोह के सदस्य चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें खरीदने-बेचने के इरादे से इकट्ठा हुए हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम कार्रवाई करते हुए सायको और अड़की थाना क्षेत्रों में छापेमारी की और गिरोह के 8 सदस्यों को रंगे हाथ धर दबोचा. ये शातिर अपराधी चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी खरीद-बिक्री का काला कारोबार चला रहे थे. इस संबंध में सायको थाना (कांड संख्या 15/26) में मामला दर्ज किया गया है.
