Ranchi: चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र से चोरी हुए ट्रेलर को पुलिस ने बरामद कर लिया है. चोरों ने वाहन के इंजन और ट्रॉली को अलग-अलग जगहों पर रखा था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और छापेमारी के आधार पर पहले चोरी की ट्रॉली को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में दूसरे इंजन के साथ जुड़ा हुआ बरामद किया. इसके बाद पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए वाहन का असली इंजन हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में हजारीबाग जिले क चुरहू निवासी गणेश कुमार गुप्ता और केरेडारी थाना क्षेत्र के रहने वाले आशीष कुमार शामिल है.
पुलिस के अनुसार, ओडिशा के आजाद नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर निवासी नजीर (21) ए.के.सी. कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं. उनके लिखित आवेदन के आधार पर वाहन (HR39F-0083) की चोरी को लेकर टंडवा थाना (कांड संख्या 235/26) में मामला दर्ज किया गया. चोरीकांड के उद्भेदन के लिए टंडवा एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी गए वाहन की तलाश शुरू की. जांच के दौरान ट्रेलर भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में दूसरे इंजन के साथ जुड़ा हुआ मिला. इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए वाहन का इंजन भी चरही थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया.
