Ranchi: लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों की अवैध खरीद-बिक्री के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ट्रिगर वाला एक सिल्वर रंग का दोनाली देशी कट्टा, तीन जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और बाईक बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के चेरिमा निवासी राम प्रवेश सिंह (24) और रांची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के करगे निवासी सुनील साहू (22) के रूप में हुई है.

चेरिमा में हथियार लेकर घूमने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि चेरिमा इलाके में दो व्यक्ति हथियार और गोलियां लेकर घूम रहे हैं. सूचना पर लोहरदगा एसपी के निर्देश पर कैरो थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेरिमा मोड़ पर छापेमारी की. इसी दौरान चेरिमा की ओर से लाल रंग की ग्लैमर बाईक पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाईक समेत पकड़ लिया. आरोपी की तलाशी लेने पर 17 वर्षीय नाबालिग की कमर से सिल्वर रंग का दोनाली देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें दो ट्रिगर बताए गए हैं. वहीं, राम प्रवेश सिंह के पास से तीन जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन मिला. पुलिस ने बाईक (JH24F8572) भी जब्त कर ली.

पैसों की कमी का हवाला देकर हथियार बेचने निकला था आरोपी

पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर बताया कि हथियार उन्हें सुनील साहू ने बिक्री के लिए दिया था. इसके बाद पुलिस ने सुनील साहू से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, उसने स्वीकार किया कि पैसों की कमी के कारण उसने हथियार बिक्री के लिए दोनों को दिया था. पुलिस ने इस मामले में कैरो थाना (कांड संख्या 47/26) में मामला दर्ज किया है. राम प्रवेश सिंह के खिलाफ भंडरा, लोहरदगा, किस्को, कुडू, चान्हो, बालूमाथ और नरकोपी सहित विभिन्न थानों में 11 मामले दर्ज है. वहीं, सुनील साहू के खिलाफ भंडरा, कुडू और कैरो थाना में आठ मामले दर्ज है. पुलिस ने मामले में हथियार के स्रोत और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच की है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed