Ranchi: चाईबासा जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित ‘रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स’ दुकान का शटर उठाकर 52 कीमती मोबाइलों की चोरी करने वाले इंटरस्टेट गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विभिन्न कंपनियों के 21 चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार आरोपी में बिहार के मोतिहारी जिले क घोड़ासहन के रहने वाले नितेश पटेल, पूर्वी चंपारण जिले क रक्सौल के रहने वाले जितेन्द्र साह उर्फ चोना और सुपौल जिले क धरमपट्टी के रहने वाले गोविन्द चौधरी का नाम शामिल है. घटना में शामिल दो अन्य आरोपी मोतिहारी जिले क घोड़ासहन निवासी शेराज और झरोखर के रहने वाले संजय सहनी फिलहाल फरार हैं. पुलिस की टीमें शेष 31 मोबाइलों की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

पुलिस के अनुसार 05 अक्टूबर को अज्ञात चोरों ने रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से 52 मोबाइल चोरी कर लिए थे. इस संबंध में चक्रधरपुर थाना (कांड संख्या 111/26) में मामला दर्ज किया गया था. मामले के उद्भेदन के लिए एएसपी-सह-एसडीपीओ चक्रधरपुर एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए गए. वैज्ञानिक जांच और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने घटना में शामिल बिहार के 5 अपराधियों की पहचान की, जिनमें से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed