Ranchi: नाबालिग के अपहरण, निकाह कराने और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन प्राथमिकी आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में फिरोज खान उर्फ कोटन खान, उसका बड़ा भाई नौशान खान उर्फ नीरा खान और उनकी मां सायरा खातून शामिल हैं. तीनों गुमला जिले के गोसनगर के निवासी हैं.
शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद धमकी देने का आरोप
पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, आरोपियों की ओर से शिकायतकर्ता की नाबालिग पुत्री के विवाह का प्रस्ताव रखा गया था. नाबालिग की कम उम्र होने के कारण परिजनों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया. आरोप है कि इसके बाद फिरोज खान के बड़े भाई नौशान खान उर्फ नीरा खान और उसकी मां सायरा खातून ने फोन कर शिकायतकर्ता को धमकी दी.
4 अक्टूबर को लापता हुई नाबालिग
शिकायत के मुताबिक, 4 अक्टूबर को नाबालिग अचानक लापता हो गई. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. इसी दौरान नौशान खान उर्फ नीरा खान ने फोन कर कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई और मां के साथ नाबालिग को ले गया है तथा उसका निकाह कराने की बात कही. परिजनों द्वारा नाबालिग को वापस लाने का आग्रह किए जाने के बावजूद उसे वापस नहीं लाए जाने का आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी दर्ज कर शुरू हुई जांच
मामले में लिखित शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना (कांड संख्या-132/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध की सूचना देने की अपील
सिमडेगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
