Ranchi: दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में 35 वर्षीय शिशु टुडू को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी रासी टोला पिपरा गांव का रहने वाला है. घटना के बाद गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मानवीय सूचना, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की. दुमका एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शादी-शुदा है. चार बच्चे का पिता है. पत्नी किसी दुसरे राज्य में काम करती है. 9 अक्टूबर को बाजार जाने के क्रम में अकेले पाकर लड़की के साथ छेड़छाड़ करने लगा. बुंदा-बुंदी पानी होने के वजह से चरवाहा सब भी घर जा चुके थे. लड़की जब छेड़छाड़ का विरोध किया तो इस दौरान धक्का-मुक्की हुआ भागने के क्रम में लड़की को पकड़ लिया और धान के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया. और गला दबाकर हत्या कर दिया. आरोपी को डर था कि लड़की पहचानती है. इस कारण पकड़े जाएंगे, हत्या के बाद शव को बगल झाड़ी में फेक दिया.
गाय-बैल लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंची लड़की
जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे काठीकुंड थाना प्रभारी को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की शाम करीब 3:30 बजे स्कूल से लौटने के बाद गांव के पास मैदान से गाय-बैल लाने गई थी. सभी गाय-बैल घर लौट आए, लेकिन लड़की का पता नहीं चला. उसकी मां तलाश करते हुए मैदान की ओर गई तो वहां पशुओं को बांधने वाली रस्सी और लड़की की चप्पल मिली.
चेकडैम के पास झाड़ियों में मिला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की. इसी दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर चेकडैम के समीप पुटूस की झाड़ियों में नाबालिग का शव अर्द्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ काठीकुंड थाना (कांड संख्या 35/26) में मामला दर्ज किया गया.
आसपास के गांवों में जांच, 500 लोगों से पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए संथाल परगना क्षेत्र के डीआईजी के निर्देश पर दुमका एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई. टीम ने गुप्त सूचना, मानवीय स्रोतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. इसके अलावा डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट टीम और एफएसएल की भी मदद ली गई. पुलिस ने जीतपुर, भंडारो, पिपरा और आसपास के गांवों में व्यापक स्तर पर छानबीन की. जांच के दौरान करीब 500 लोगों से पूछताछ की गई. इसी क्रम में रासी टोला पिपरा निवासी शिशु टुडू संदिग्ध के रूप में सामने आया. पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित बताए गए तीन कपड़े बरामद किए हैं. इनमें एक भूरा चेकदार गमछा, एक नीले रंग का जांघिया और एक हरे-सफेद रंग की चेकदार टी-शर्ट शामिल है.
