Patna: प्रेमिका से शादी करने की जिद में एक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि इलाके में घंटों अफरा-तफरी मची रही. सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के तरवार चंवर में एक युवक नवनिर्मित बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब पांच से छह घंटे तक मशक्कत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा. बाद में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया.
2018 से युवती से प्रेम, शादी के लिए बना रहा था दबाव
पुलिस के अनुसार, भेल्दी थाना पुलिस को सूचना मिली कि तरवार चंवर स्थित नवनिर्मित विद्युत टावर पर एक युवक चढ़ा हुआ है और आत्महत्या करने की धमकी दे रहा है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. युवक से पूछताछ में पता चला कि उसकी पहचान तख्त तरवार निवासी 26 वर्षीय सुधीर कुमार के रूप में हुई है. उसने बताया कि वह अपने ही गांव की एक युवती से वर्ष 2018 से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है. शादी नहीं होने की स्थिति में वह आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था.
रस्सी लेकर टावर पर चढ़ा था युवक, पुलिस ने बचाई जान
युवक अपने साथ नायलॉन की रस्सी भी लेकर आया था और उससे आत्महत्या का प्रयास कर रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लगातार उससे बातचीत की और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया. करीब पांच से छह घंटे के अथक प्रयास के बाद पुलिस टीम उसे सकुशल नीचे उतारने में सफल रही.
छह घंटे तक बाधित रहा बिजली टावर का निर्माण कार्य
इस घटना के कारण बिजली टावर का निर्माण कार्य करीब पांच से छह घंटे तक बाधित रहा. इससे संबंधित निर्माण कंपनी को आर्थिक क्षति हुई और आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा. वहीं टावर पर चढ़े युवक की जान पर भी गंभीर खतरा बना हुआ था. इस संबंध में भेल्दी थाना (कांड संख्या 450/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
महत्वपूर्ण सार्वजनिक संरचनाओं पर नहीं चढ़ने की अपील
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिजली टावर, मोबाइल टावर, रेलवे संपत्ति, सरकारी भवन या अन्य सार्वजनिक संरचनाओं पर चढ़कर विरोध अथवा किसी तरह की गतिविधि नहीं करें. ऐसी हरकतें स्वयं और दूसरों के जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं. किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानूनसम्मत और शांतिपूर्ण रास्ता अपनाने की अपील की गई है.
