Patna: एटीएम मशीन से रुपये निकालने के दौरान लोगों का पासवर्ड देखकर उनका कार्ड बदलने वाले साइबर अपराधी गिरोह के खिलाफ भोजपुर पुलिस को सफलता मिली है. साइबर थाना पुलिस ने करीब दो साल पुराने दो साइबर ठगी के मामलों में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. इन दोनों मामलों में मां-बेटी के एटीएम कार्ड बदलकर कुल 11 लाख 55 हजार 456 रुपये की ठगी की गई थी.

मां-बेटी के खाते से उड़ाए थे 11.55 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, 6 दिसंबर 2024 को पहला मामला सामने आया था. कोईलवर निवासी मो. वसील अहमद ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मां का एटीएम कार्ड बदलकर 5 लाख 18 हजार 925 रुपये की निकासी कर ली है. इस संबंध में भोजपुर साइबर थाना (कांड संख्या 94/24) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसी दिन रीमा देवी, निवासी बड़का चंदा, थाना कोईलवर ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर 6 लाख 36 हजार 531 रुपये निकाल लिए हैं. इस मामले में साइबर थाना (कांड संख्या 95/24) में प्राथमिकी दर्ज किया गया. दोनों मामलों में कुल 11 लाख 55 हजार 456 रुपये की ठगी हुई थी.

ATM में PIN देखकर बदल देते थे कार्ड

घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से अनुसंधान शुरू किया. जांच के आधार पर गिरोह में शामिल मुकेश कुमार और धीरज कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. आगे की जांच और तकनीकी विश्लेषण के क्रम में पुलिस ने जमीरा से धीरज कुमार को गिरफ्तार किया.

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने ठगी के तरीके के बारे में बताया कि गिरोह के सदस्य एटीएम मशीन के पास खड़े होकर पीछे से रुपये निकालने वाले लोगों का पासवर्ड देख लेते थे. इसके बाद किसी न किसी बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे. फिर दूसरे एटीएम में जाकर उस कार्ड से नकदी निकाल लेते थे या मॉल और दुकानों में खरीदारी कर लेते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed