Patna: बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र में कई मंदिरों से पूजा की घंटियां और बर्तन चोरी होने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक दुकानदार के घर से भी सामान बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में सावन कुमार उर्फ काजू, पप्पू कुमार साह और मो. सलमान का नाम शामिल है. तीनों आरोपी बांका थाना क्षेत्र के शंभुगंज का रहने वाला है.
पुलिस के अनुसार, शंभुगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों से पूजा की घंटियां और बर्तन चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं. इस संबंध में शंभुगंज थाना (कांड संख्या 327/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बांका एसपी और एसडीपीओ सदर के निर्देश पर बांका अंचल के डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. डायल 112 के कर्मियों और गश्ती पदाधिकारी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मिर्जापुर से गिरोह के कथित मुख्य सरगना सावन कुमार उर्फ काजू को पकड़ा. पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को चोरी के सामान के साथ निरुद्ध किया. चोरी का सामान खरीदने के आरोप में दुकानदार पप्पू कुमार साह के मिर्जापुर स्थित घर से सामान विधिवत बरामद किया गया. कार्रवाई के दौरान मंदिर की तीन घंटियां, कांसे के आठ लोटे, कांसे का एक पैला और तांबे की पांच प्लेटें बरामद की गई हैं.
