Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने चपरा जंगल में ए के गैंगवार गिरोह के सरगना और गुर्गा को गिरफ्तार किया है. दोनो को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब आरोपी बाईक पर टाटीझरिया से आंगो जा रहा था. 20 लाख फिरौती के लिए पोल्ट्री फार्म के मुंशी का अपहरण की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस अपहृत मुंशी सकुशल मुक्त करा लिया है. गिरफ्तार आरोपी में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के जोबर जामुटांड़ निवासी रोहित महतो और गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबार निवासी अरुण मंडल उर्फ अरुण जी उर्फ रंजीत मंडल का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 2 देशी कारबाइन, 4 गोली, पीठु बैग, केमोफ्लाज वर्दी, एके गैंगवार संगठन का हस्तलिखित पर्चा, 8 मोबाईल और 2 बाईक पुलिस ने बरामद किया है.
सरगना अरुण मंडल पर दर्ज है एक दर्जन से अधिक मामले
मामले की जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी ने मंगलवार को बताया कि 6-7 नवम्बर की रात को टाटीझरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मायापुर स्थित एसएम पोल्ट्री फार्म में कार्यरत मुंशी गोपाल कुमार को बाईक (जेएच-02एई-4311) सहित अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया. अपराधियों ने पोल्ट्री फार्म के मालिक एवं अपहृत के परिजनों से 20 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई थी. इस संबंध में टाटीझरिया थाना (कांड सं. 47/25) में मामला दर्ज किया गया. वही मामले की गंभीरता को देखते हुए विष्णुगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया. एसआईटी की टीम लगातार तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर रही थी. इसी क्रम में मंगलवार को गुप्त सूचना मिली कि अरुण मंडल अपने ए०के० गैंगवार गिरोह के सदस्यों के साथ हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए टाटीझरिया से आंगो की ओर जा रहा है. सूचना पर गठित टीम ने आंगो थाना क्षेत्र के चपरा जंगल के पास विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान संदिग्ध बाईक सवार (जेएच-02एई-4311) को रुकने का इशारा किया गया. लेकिन पुलिस को देखकर भागने लगा. एसआईटी टीम पीछा कर अरुण मंडल एवं रोहित कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से 2 देशी कारबाइन, पिस्टल लोडेड, गोली समेत अन्य समान बरामद किया गया. आरोपी के निशानदेही पर अपहरण में प्रयुक्त बाईक (जेएच-02जी-7922) भी मुरकी जंगल से बरामद किया गया. इस संबंध में आंगो थाना (कांड सं.10/25) में मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मुख्य आरोपी अरुण मंडल ए०के० गैंगवार नामक संगठित अपराध सिंडिकेट का संचालक है. जो गिरोह बनाकर अपहरण, फिरौती, लूट एवं गंभीर अपराधों को अंजाम देता है. अरुण मंडल के विरुद्ध हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में 15 से अधिक मामले में दर्ज है. इसके अलावा झारखंड एवं बिहार के कई जिलों में भी उसके खिलाफ अपहरण, डकैती, हत्या एवं नक्सल गतिविधियों से संबंधित मामले दर्ज हैं.
