Ranchi: रांची जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में कोषागार से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में कोषागार कार्यों की पारदर्शिता, भुगतान प्रक्रिया की शुद्धता एवं वित्तीय अनुशासन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गयी. बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-प्रभारी उपविकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी सहित अन्य कोषागार पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में बिना अकाउंट डिटेल का पूर्ण सत्यापन किये भुगतान नहीं किया जाए. सभी विभाग भुगतान प्रक्रिया के दौरान लाभुकों एवं संबंधित खातों की जानकारी का बहुस्तरीय सत्यापन सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने कहा कि सरकारी राशि उपयोग में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फंड ट्रांसफर के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन करें तथा भुगतान से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं बैंक विवरणों का मिलान अनिवार्य रूप से करें.
बैठक में कोषागार प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, आंतरिक जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने चेतावनी देते कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
