Patna: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग द्वारा राज्य में संचालित निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (निजी आईटीआई) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. इसी क्रम में 5 और 6 मई को अलग-अलग गठित दो सदस्यीय टीम ने समस्तीपुर एवं बेगूसराय जिलों के 5 निजी आईटीआई संस्थानों का औचक निरीक्षण कर संस्थान में कई गंभीर अनियमितताएं और नियमों के उल्लंघन के मामले पकडे हैं. निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर जिले के आदित्य राज निजी आईटीआई, आरएन निजी आईटीआई एवं सुशीला ठाकुर निजी आईटीआई की जांच की गई। औचक निरीक्षण दौरान आरएन निजी आईटीआई को पूरी तरह से बंद पाया गया. वहीं आदित्य राज और सुशीला ठाकुर आईटीआई संस्थान में एक भी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित नहीं थे और प्रशिक्षकों की उपस्थिति भी तय मानक से काफी कम पाई गई. यह प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े करती है.
साथ ही इन दोनों संस्थानों में मानक के अनुरूप मशीन और उपकरण भी नहीं पाए गए. उधर बेगूसराय जिले में सुन्दरी प्यारी निजी आईटीआई एवं दीक्षांत निजी आईटीआई का भी औचक निरीक्षण किया गया. यहां भी स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई. सुन्दरी प्यारी आईटीआई और दीक्षांत आईटीआई में भी प्रशिक्षणार्थी एवं प्रशिक्षकों की संख्या अत्यंत कम पाई गई. इसके अलावा इन दोनों संस्थानों में मशीन एवं उपकरण भी मानक के अनुरूप नहीं पाए गये. जांच के क्रम में यह भी सामने आया कि नियमों की अनदेखी करते हुए दीक्षांत आईटीआई में एक निजी विद्यालय का भी संचालन किया जा रहा है. इन पांचों आईटीआई का एनसीवीटी के मानकों के अनुरूप संचालित नहीं होने के कारण इन संस्थानों के विरुद्ध विधि सम्मत कारवाई की जा रही है.
