Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बाईक सवार दो अपराधियों ने दो फल लदे ट्रकों के चालकों को चाकू का भय दिखाकर लूट लिया. घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस गश्ती टीम सक्रिय हुई और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया. पुलिस ने बहादुरी और तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 4 किशोरगंज के रहने वाले अमन कुमार औऱ कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे निवासी अमन तिवारी का नाम शामिल है.
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 4:30 बजे लूट की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से भाग रहे थे. पुलिस गश्ती दल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी एसआई मुकेश कुमार उपाध्याय को धक्का मारकर गिरा दिया और भागने की कोशिश की. हालांकि पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया. आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटा गया मोबाइल, 600 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक बरामद की है. इसके अलावा आईफोन समेत तीन मोबाइल भी बरामद किए गए हैं. घटना में प्रयुक्त सुजुकी बाईक का नंबर (JH01BV-2253) बताया गया है. मामले को लेकर पीड़ित ट्रक चालक के लिखित आवेदन के आधार पर अरगोड़ा थाना (कांड संख्या-253/26) में मामला दर्ज की गई है.
