Patna: मुंगेर पुलिस ने कासिमबाज़ार थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 63.08 ग्राम स्मैक और दो बाइक ज़ब्त करते हुए अंतर-ज़िला गिरोह के 8 तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों कासिमबाजार थाना क्षेत्र के चुआबाग के रहने वाले रितेश कुमार, सूरज पासवान, चंदनबाग के रहने वाले शशि कुमार उर्फ राघव, कासिमबाजार के रहने वाले गोपाल सहनी, लल्लू पोखर के रहने वाले सौरभ कुमार, फौजदारी बाजार के रहने वाले बंटी कुमार, खगड़िया जिले के बरारी थाना क्षेत्र के मोरकारी दुर्गापुर के रहने वाले सिंटू कुमार और बिट्टू कुमार का नाम शामिल है.
खपरैल मकान में चल रहा था नशे का कारोबार
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कासिमबाज़ार थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि चुआबाग-पटना रोड स्थित लब्बू चौधरी के खपरैल मकान में एक संगठित गिरोह अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए जुटा है. सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी की मौजूदगी में एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने जब लब्बू चौधरी के मकान पर छापेमारी की, तो आरोपी भागने लगे. पुलिस बलों ने तत्परता दिखाते हुए मौके से पांच आरोपी को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान शशि कुमार के पास से 8.63 ग्राम, गोपाल सहनी के पास से 8.02 ग्राम और सौरभ कुमार के पास से 8.14 ग्राम स्मैक बरामद हुआ. इसी बीच, अन्य तस्करों का इंतज़ार कर रही पुलिस टीम ने मौके पर बाइक से पहुंचे दो और संदिग्धों को घेराबंदी कर धर दबोचा. पकड़े गए सिंटू कुमार के पास से 38.29 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल (BR10AH4327) ज़ब्त की गई. मामले में कासिमबाज़ार थाना (कांड संख्या-304/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है.
