Patna: एसटीएफ ने खगड़िया के मोरकाही में छापेमारी कर दो हथियार और 22 गोली के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी में अलौली थाना क्षेत्र के मोरकाही निवासी सुरेश यादव, प्रहलाद कुमार और संझौती निवासी मुकुट कुमार का नाम शामिल है. वही आरोपी के ठिकाने से 1 देशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 22 गोली, 1 मोबाईल और 18 सिम पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हथियार तस्करी एवं तस्करों पर नकेल कसने के लिये एसपी के निर्देश पर लगातार छापामारी अभियान जारी है. इसी क्रम में अलौली थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर मोरकाही निवासी सुरेश यादव के घर से एसटीएफ व अलौली थाना पुलिस ने संयुक्त छापामारी किया. छापेमारी के क्रम में पिस्टल, कट्टा, गोली समेत अन्य समान के साथ तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में अलौली थाना (कांड संख्या 450/25) में मामला दर्ज किया गया है.
