Patna: वैशाली जिले के हाजीपुर में रामाशीष चौक के पास सात तस्कर को हेरोईन के साथ सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में बिदुपुर थाना क्षेत्र के राहुल कुमार, प्रकाश कुमार, नवीन कुमार, आशू कुमार, विकास कुमार, शिवम कुमार और सचिन कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 140.82 ग्राम हेरोईन और 5 मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना को विशेष कार्य बल, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने गुप्त सूचना मिली कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के अवैध मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के सदस्य राज्य के बाहर से हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर उतड़कर रामाशीष चौक की ओर मादक पदार्थ अपने साथ लेकर आ रहे है. सूचना पर वैशाली एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस रामाशीष चौक के पास वाहन जॉच लगाया. वाहन जॉच के क्रम में थोड़ी ही देर में सात संदिग्ध पीठ पर बैग लेकर रामाशीष चौक की तरफ आते हुए देखा गया. पुलिस टीम को देखते ही सभी संदिग्ध व्यक्ति इधर उधर भागने लगे जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. आरोपी का तलाशी के क्रम में उनके पास से 140.82 ग्राम हेरोईन बरामद किया गया. पूछताछ के क्रम में अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था एवं किसको बेचना था, इसका खुलासा किया गया. इस संदर्भ में सदर थाना (कांड सं0-271/26) में मामला दर्ज किया गया है.
