Patna: पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल के द्वारा आज सोमवार को विक्रमशिला सेतु का स्थल निरीक्षण किया गया. उन्होंने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से एवं बेली ब्रिज के कार्यों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इस दौरान सचिव ने विक्रमशिला सेतु के स्ट्रक्चर, बेली ब्रिज के निर्माण कार्य की स्थिति, समयसीमा एवं शीघ्र यातायात बहाल करने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली. इसके उपरांत सचिव ने भागलपुर के जिलाधिकारी, नवगछिया के एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित पथ निर्माण विभाग पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की. सचिव ने विक्रमशिला सेतु से शीघ्र यातायात बहाली पर जोर देते हुए ब्रिज का कार्य जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया.

बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम के द्वारा विक्रमशिला सेतु पर तीन बेली ब्रिज तैयार किया जा रहा है, जिनमें से एक बेली ब्रिज के इंस्टालेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है. शेष 2 अन्य ब्रिज का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है. सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महीने के अंत तक बेली ब्रिज का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा. फिलहाल पैदल यात्रियों एवं छोटी गाडियों के आवागमन की अनुमति रहेगी. बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन की टीम एवं तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है.

बेली ब्रिज के साथ-साथ ट्रस ब्रिज का निर्माण कार्य भी समानांतर रूप से किया जाएगा. ट्रस ब्रिज का कार्य प्रारंभिक अवस्था में है, डिजाईन सहित अन्य जरूरी कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है. यह ब्रिज दो लेन का होगा और इसमें पैदल यात्रियों के लिए अलग से व्यवस्था होगी.

सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सेतु की मरम्मत और यातायात बहाली के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने मुख्य अभियंता एवं अन्य टीमों को स्थल पर लगातार कैम्प करने का निदेश दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed