Patna: बिहार मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से नकल करने का मामला पकड़ा गया है. सारण जिले के रिविलगंज थाना पुलिस ने परीक्षा केंद्र पर छापेमारी कर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कर रहे 2 परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के मुरकहा निवासी चीकू कुमार और रोह थाना क्षेत्र के मरुई निवासी रोहित कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के पास से दो मोबाइल, दो आधार कार्ड, दो प्रवेश पत्र, एक ब्लूटूथ, एक बैग, दो चार्जर और एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पुलिस ने बरामद किया है.
सारण एसएसपी के निर्देश पर केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच की जा रही थी. इसी क्रम में रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत +2 गौतम ऋषि उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर केन्द्राधीक्षक की जांच में परीक्षार्थी चीकू कुमार के पास से प्रतिबंधित ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चीकू कुमार उक्त डिवाइस के जरिए परीक्षा हॉल के बाहर बैठे साथी से सवालों के जवाब ले रहा था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चीकू कुमार से पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर रुहित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया, जो परीक्षा में बाहर से सहायता पहुंचा रहा था. इस संबंध में रिविलगंज थाना (कांड संख्या-350/26) में मामला दर्ज किया गया है.
