Patna: भोजपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस पर फायरिंग कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई. सुबह करीब 9 बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी पिस्टल लहराकर हवाई फायरिंग कर रहा था. आत्मसमर्पण करने को कहने पर उसने पुलिस टीम पर ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं. मौके पर से एक पिस्टल, दो गोली, एक मैगजीन और दो खोखा पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस पर रुक-रुक कर करता रहा फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि भरत भूषण तिवारी हाथ में पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग कर रहा है. सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस और एसटीएफ टीम ने उसे लगातार आत्मसमर्पण करने को कहा, परन्तु वह पिस्टल से पुलिस पर लगातार रुक-रुक कर फायरिंग करता रहा. इससे पुलिस टीम और आमजनमानस के जानमाल को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया. उसे नियंत्रण में लेने के लिए एसटीएफ के जवानों ने बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ क्लोज कॉर्डनिंग की. जब जवान उसकी तरफ बढ़े तो उसने पुलिस को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ और जनमानस की रक्षा के लिए फायर किया, जो उसके पैर में लगी. घायल भरत भूषण तिवारी को तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई.
