Patna: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में पथ निर्माण विभाग के एक कार्यपालक अभियंता की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद निगरानी टीम ने उनके आवास की तलाशी ली. तलाशी के दौरान 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए. वहीं, उनके 12 बैंक खातों में कुल 52 लाख 92 हजार 270 रुपये जमा मिले हैं. सभी बैंक खातों को फ्रीज करा दिया गया है.

12 बैंक खातों में मिले 52.92 लाख रुपये

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, तलाशी और अनुसंधान के दौरान अभियुक्त के नाम से संचालित 12 बैंक खातों की जानकारी मिली. इन खातों में कुल 52,92,270 रुपये जमा पाए गए। ब्यूरो ने सभी खातों में मौजूद राशि को फ्रीज करने की कार्रवाई की है. इसके अलावा एक बैंक लॉकर का भी पता चला है, जिसके संचालन पर रोक लगा दी गई है. न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद लॉकर की जांच की जाएगी.

पटना की जमीन के दस्तावेज और पत्नी के नाम पर रसीदें बरामद

छापेमारी के दौरान पटना स्थित जमीन की रजिस्ट्री केवाला से संबंधित 9 लाख 2 हजार रुपये के दस्तावेज बरामद हुए हैं. इसके अलावा 20 जून 2022 के एग्रीमेंट फॉर सेल डीड के कागजात भी मिले हैं. अभियुक्त की पत्नी शिखा अनुग्रह के नाम से श्री अणु आनन्द कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की दो रसीदें भी बरामद हुई हैं. इनमें 5 लाख 40 हजार 500 रुपये और 1 लाख 1 हजार रुपये की राशि दर्ज है. इन संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है.

नौ बीमा पॉलिसी और लाखों के जेवरात के खरीद बिल मिले

निगरानी टीम को विभिन्न बीमा कंपनियों की नौ बीमा पॉलिसियां भी मिली हैं. इनके प्रीमियम भुगतान के स्रोत की जांच की जा रही है. तलाशी में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए हैं, जिनका न्यायालय की अनुमति के बाद मूल्यांकन कराया जाएगा. इसके अतिरिक्त जेवरात की खरीद से संबंधित रसीदें मिली हैं, जिनका कुल मूल्य 16 लाख 19 हजार 682 रुपये बताया गया है. अभियुक्त के नाम पर एक स्कूटी भी मिली है, जिसकी खरीद का बिल 52,874 रुपये का है.

रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए थे अभियंता

मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संशोधित धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी रितेश चन्द्र सिन्हा को ट्रैप कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से ही गिरफ्तार किया गया था. रिश्वत की राशि बरामद होने के बाद उनके हाथ धुलवाने पर प्राप्त गुलाबी रंग के धोवन नमूने को भी जब्त किया गया है. न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद इसे वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

रिश्वत के पांच लाख रुपये परिवादी को लौटाए जाएंगे

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि निगरानी विभाग के आदेश के आलोक में परिवादी द्वारा रिश्वत के रूप में दी गई पांच लाख रुपये की राशि की शीघ्र प्रतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी. ब्यूरो का लक्ष्य जल्द अनुसंधान पूरा कर आरोप पत्र दाखिल करना और मामले का त्वरित विचारण कराना है. इस अपराध में अधिकतम सात वर्ष की सजा का प्रावधान बताया गया है.

दीपावली के दिन कार्रवाई करने वाली टीम होगी पुरस्कृत

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि दीपावली के अवसर पर अवकाश के दिन भी टीम ने सुनियोजित तरीके से सफल कार्रवाई की. इस कार्रवाई में शामिल टीम को अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed