Ranchi: झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की स्थिति को लेकर सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ गाड़ी वापस करने का निर्णय लिया है. उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर बार-बार खराब हो रही बुलेटप्रूफ गाड़ी की शिकायत की और गृह विभाग को वाहन विधिवत प्राप्त कर उसकी पावती देने का निर्देश देने की मांग की है.
मरांडी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि जब उनके लिए नए बुलेटप्रूफ वाहनों की व्यवस्था हो सकती है, तो पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में लगे पुराने और जर्जर वाहनों को बदलने में देरी क्यों हो रही है?
मार्च में पत्र देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बुलेटप्रूफ वाहन की खराब स्थिति से अवगत कराया था. उनके अनुसार, दिसंबर 2024 में गृह विभाग ने 17 बुलेटप्रूफ वाहन खरीदे थे. इनमें तीन मुख्यमंत्री के उपयोग और दो राजभवन के लिए आवंटित किए गए थे, जबकि शेष 12 वाहन वीआईपी आवागमन के लिए मुख्यालय के रिजर्व में रखे गए थे. इसके बावजूद पूर्व मुख्यमंत्रियों को 10-12 वर्ष पुरानी गाड़ियों से काम चलाना पड़ रहा है.
13 साल पुरानी सफारी, जर्जर हैं काफिले की जिप्सियां
मरांडी ने बताया कि उनके आप्त सचिव राजेंद्र तिवारी ने भी गृह सचिव को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उन्हें आवंटित बुलेटप्रूफ सफारी 13 साल पुरानी हो चुकी है. काफिले में जवानों के लिए लगी तीन जिप्सियां भी जर्जर हैं और चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं. इस संबंध में पुलिस महानिदेशक और आईजी प्रोविजन को भी कई बार जानकारी दी गई. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ.
‘ऊपर से रोक है’, आखिर यह ऊपर कौन है?
पत्र में मरांडी ने अधिकारियों की कथित अनौपचारिक टिप्पणी का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक, बातचीत में उन्हें बताया जाता है कि गाड़ी बदलने से ‘ऊपर से रोका जा रहा है’. उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि आखिर यह ‘ऊपर’ कौन है और किस हैसियत से ऐसा निर्देश दिया गया है? यदि ऐसा कोई निर्देश नहीं है तो अधिकारी किसके नाम की आड़ में निर्णय टाल रहे हैं? उन्होंने गृह विभाग की संबंधित फाइल मंगाकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.
अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ियों का भी उठाया मामला
बाबूलाल मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की ओर से भी सुरक्षा वाहनों की खराब स्थिति को लेकर की गई शिकायतों का उल्लेख किया है. उन्होंने बताया कि अर्जुन मुंडा के कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह पत्र भेजे गए थे. उनके अनुसार, 14 मार्च 2026 को गृह विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश भी दिया था. इसके बावजूद शिकायत बनी रही. मरांडी ने छह नवंबर की रात चौका के पास अर्जुन मुंडा के काफिले के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का भी जिक्र किया है. हालांकि, दुर्घटना के कारणों को तकनीकी जांच से स्पष्ट होने की बात कही है.
सात दिनों में कार्रवाई का ब्योरा मांगा
मरांडी ने मुख्यमंत्री से खरीदे गए 17 बुलेटप्रूफ वाहनों की वर्तमान स्थिति, रिजर्व में रखे गए वाहनों की जरूरत और खराब वाहनों के विकल्प पर लिए गए फैसले की जानकारी मांगी है. उन्होंने अपनी गाड़ी की अंतिम तकनीकी जांच की तारीख, जांच रिपोर्ट और उसे मंजूरी देने वाले अधिकारी का पदनाम भी उपलब्ध कराने को कहा है.
उन्होंने मांग की है कि उनकी और सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए तकनीकी जांच में उपयुक्त पाए गए वाहन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं. साथ ही सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों पर समीक्षा कराई जाए. अपने पुराने पत्रों और शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण सात दिनों के भीतर देने की मांग भी की है.
‘एक दिन आपके नाम के आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री लिखा जाएगा’
पत्र के अंत में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए लिखा है कि कोई भी अमृत पीकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठा है. एक दिन उनके नाम के आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री लिखा जाएगा. उस दिन यदि उनकी गाड़ी बीच रास्ते में खराब हो और कोई अधिकारी उनसे कहे कि ‘सर, ऊपर से रोक है’, तो वे क्या जवाब चाहेंगे? मरांडी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री के पास अधिकार है और उन्हें इस मामले में जवाब देना चाहिए.
