Patna: मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस ने अपहरण की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. दोनों अपराधी क्लोन एक्सप्रेस के कोच में घुसकर एक यात्री को चाकू दिखाकर जबरन ट्रेन से नीचे उतार ले गए थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद पुलिसकर्मियों को देखकर यात्री ने शोर मचा दिया. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी में वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौली निवासी कुणाल कुमार उर्फ दिवानी और करमोपुर निवासी मनीष कुमार सिंह का नाम शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल कुणाल कुमार एक कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ बेगूसराय और वैशाली जिले में हत्या के प्रयास, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
क्लोन एक्सप्रेस के कोच में घुसकर यात्री को बनाया निशाना
रेल पुलिस के अनुसार, नौ नवंबर को बेगुसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र के मल्हीपुर वार्ड 035 के रहने वाले सुजल कुमार ट्रेन संख्या 02563 क्लोन एक्सप्रेस से बरौनी से नई दिल्ली जा रहे थे. वह बी-7 कोच की सीट संख्या 17 पर यात्रा कर रहे थे. सुबह करीब 10:40 बजे ट्रेन मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर रुकी. इसी दौरान दो अपराधी कोच में पहुंचे और सुजल कुमार को चाकू दिखाकर जबरन ट्रेन से नीचे उतार लिया.
पुलिस को देखते ही यात्री ने मचाया शोर, दोनों गिरफ्तार
अपराधी यात्री को धमकाते हुए अपने साथ चलने के लिए दबाव बना रहे थे. इसी बीच प्लेटफॉर्म पर कुछ पुलिसकर्मी दिखाई दिए. मौका देखकर सुजल कुमार ने शोर मचाया. इसके बाद रेल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया.
होटल से रंगदारी नहीं मिलने पर हत्या की साजिश का आरोप
पीड़ित सुजल कुमार के अनुसार, गिरफ्तार कुणाल कुमार उर्फ दिवानी उसके गांव का भांजा है और कथित तौर पर कुख्यात अपराधी है. वह मल्हीपुर के पास एनएच पर धमाल ढाबा नाम से होटल चलाता है. आरोप है कि कुणाल पहले भी उसके होटल पर आकर कई बार रंगदारी मांग चुका था. रंगदारी नहीं देने के कारण वह उससे नाराज था. पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में उसे ट्रेन से उतारकर अपहरण और हत्या करने की योजना बनाई गई थी. उसने यह भी बताया कि कुणाल पहले भी उसके गांव में गोली मारकर हत्या का प्रयास कर चुका है.
कुणाल पर आठ आपराधिक मामले, हत्या कांड में भी फरार
रेल पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी के दौरान एक चाकू, एक बाइक, दो यात्रा टिकट, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नकदी, चांदी जैसी दिखने वाली सिकड़ी और अन्य सामान बरामद किए हैं. कुणाल के पास से 2,270 रुपये नकद, रेडमी मोबाइल, दो यात्रा टिकट और बाइक की चाबी मिली. वहीं मनीष कुमार सिंह के पास से करीब 22 इंच लंबा चाकू, होंडा बाइक, ओप्पो मोबाइल, तीन बैंक कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद किए गए. कुणाल कुमार उर्फ दिवानी का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ बेगूसराय और वैशाली के विभिन्न थानों में कुल आठ कांड दर्ज हैं. इनमें हत्या का प्रयास, हत्या, आर्म्स एक्ट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं. वैशाली के विदुपुर थाना कांड संख्या 557/25 में वह फरार बताया गया है.
