Patna: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में गुरुवार को ब्यूरो की टीम ने अरवल जिले के अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी-सह-प्रभारी अंचल निरीक्षक शिवमंगल प्रसाद को 16,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई अरवल जिला स्थित ओझा बिगहा मोड़ के पास अंजाम दी गई.

पुश्तैनी जमीन की मापी के नाम पर मांगी थी रिश्वत

मिली जानकारी के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के उमैराबाद निवासी परिवादी रबिन्द्र प्रसाद ने अपनी पुश्तैनी जमीन की नापी कराने के लिए अंचल कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन दिया था. आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी काम नहीं किया जा रहा था और आरोपी कर्मचारी शिवमंगल प्रसाद द्वारा नापी कराने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी. परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में दर्ज कराई.

शिकायत सही पाते ही बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया. इसके बाद पुलिस निरीक्षक अनुसंधानकर्ता के अनुरोध पर डीएसपी मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया. टीम ने जाल बिछाकर आरोपी शिवमंगल प्रसाद को 16 हजार रुपये रिश्वत की रकम लेते हुए ओझा बिगहा मोड़ से धर दबोचा.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *