Patna: सिवान जिले क रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में बीते 30 सितंबर को ट्रैक्टर खड़ा करने के मामूली विवाद को लेकर हुई गोलीबारी मामले में सिवान पुलिस कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक गोली भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में उमेश शाह और सुनील शाह का नाम शामिल है.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को बेलवार गांव में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था. इसी दौरान गांव के ही उमेश शाह और सुनील शाह ने अंधाधुंध फायरिंग कर छोटन यादव को देशी कट्टे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ, मैरवा और रघुनाथपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल छोटन यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान में भर्ती कराया गया. पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर नामजद आरोपी उमेश शाह और सुनील शाह को गिरफ्तार कर लिया.
